सहारा इंडिया प्रमुख सुब्रत रॉय का मुंबई में निधन, 75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

By: Shilpa Wed, 15 Nov 2023 10:30:57

सहारा इंडिया प्रमुख सुब्रत रॉय का मुंबई में निधन, 75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

मुम्बई। सहारा इंडिया ग्रुप के प्रमुख सुब्रत रॉय का मंगलवार को निधन हो गया है। उन्होंने मुंबई में आखिरी सांस ली। वह 75 साल के थे। सहारा परिवार के मुखिया सुब्रत रॉय काफी दिनों से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। उनका मुंबई के कोकिला बेन अंबानी अस्पताल में इलाज चल रहा था। उनका पार्थिव शरीर बुधवार को लखनऊ के सहारा शहर लाया जाएगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

सुब्रत रॉय सहारा का जन्म 10 जून 1948 को हुआ था। वे भारत के प्रमुख कारोबारी और सहारा इंडिया परिवार के फाउंडर थे। उन्हें देशभर में सहाराश्री के नाम से भी जाना जाता था। उद्योग जगत में उनके जाने से शोक की लहर है और सभी उनकी आत्मा की शांति की कामना कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी ने जताया शोक


उनके निधन पर समाजवादी पार्टी ने शोक जताते हुए कहा कि सहाराश्री सुब्रत रॉय जी का निधन। अत्यंत दुखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोकाकुल परिजनों को ये असीम दुख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सुब्रत रॉय के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि सहारा श्री सुब्रत रॉय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावात्मक क्षति हैं क्योंकि वो एक अति सफल व्यवसायी के साथ-साथ एक ऐसे अति संवेदनशील विशाल ह्रदयवाले व्यक्ति भी थे, जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की उनका सहारा बने। भावभीनी श्रद्धांजलि।

सपा के पूर्व अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई और सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने भी सुब्रत रॉय के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि सहाराश्री सुब्रत रॉय जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोक संतप्त परिजनों को इस असीम दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

सुब्रत रॉय को क्या बीमारी थी?

सहारा कंपनी ने एक जारी बयान में सुब्रत रॉय के निधन पर शोक व्यक्त कर दिया है। उनकी तरफ से बताया गया है कि 14 नवंबर को रात साढ़े दस बजे कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट की वजह से उनका निधन हो गया। वे 12 नवंबर से मुंबई के कोकिलाबेन धीरुबाई अंबानी अस्पताल में एडमिट थे। दिवाली वाली रात ही उनकी तबीयत बिगड़ी थी और तब उन्हें अस्पताल में एडमिट करवाया गया था।

बताया गया है कि सुब्रत रॉय लंबे समय से डायबिटीज, हाइपरटेंशन और metastatic malignancy से ग्रसित चल रहे थे। उन्हीं बीमारियों की वजह से उनकी सेहत बिगड़ती चली गई और 75 साल की उम्र में उन्होंने इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया।

कौन थे सहारा प्रमुख?

सुब्रत रॉय का जन्म 10 जून, 1948 को बिहार के अररिया में हुआ था। कोलकाता में उनकी शुरुआती शिक्षा हुई थी और उसके बाद गोरखपुर के एक सरकारी कॉलेज से उन्होंने मेडिकल इंजीनियरिंग की अपनी पढ़ाई पूरी की थी। उनके जानने वाले बताते हैं कि सुब्रत रॉय बचपन से ही पढ़ाई में ज्यादा तेज नहीं थे, लेकिन दूसरे कामों में उनका पूरा मन लगता था। हमेशा से लीक से हटकर काम करने के लिए वे जाने जाते थे।

यहां ये समझना जरूरी है कि सहारा कंपनी बनाने से पहले सुब्रत रॉय को काम करने का एक लंबा अनुभव था। उन्होंने काफी संघर्ष और मेहनत करने के बाद वो मुकाम हासिल किया था। सहारा को बनाने से पहले सुब्रत ने 18 सालों तक रियल एस्टेट में काम किया, उन्हें बिजनेस चलाने का भी 32 साल का एक्सपीरियंस रहा। अब कंपनी की स्थापना तो उन्होंने कर दी थी, लेकिन समय-समय पर उनका विवादों के साथ भी एक मजबूत नाता रहा।

जमानत पर बाहर थे सुब्रत रॉय

पटना हाईकोर्ट में सहारा इंडिया के खिलाफ लोगों के पैसों का कई सालों से भुगतान नहीं करने का एक मामला चल रहा है। लोगों ने ये पैसे कंपनी की कई स्कीमों में लगाए थे। लेकिन बाद में सहाराश्री को इस मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिल गई थी। पिछले साल सुप्रीम कोर्ट ने पटना हाईकोर्ट के गिरफ्तारी के आदेश पर तत्काल सुनवाई करते हुए रोक लगा दी थी। साथ ही उनके खिलाफ आगे किसी तरह की कार्रवाई को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

सुब्रत रॉय के खिलाफ इसी तरह का एक मामला सुप्रीम कोर्ट में भी पहले से चल रहा है। वह जमानत पर बाहर थे। वहीं, निवेशकों के पैसे लौटाने को लेकर सहारा इंडिया का दावा है कि वह सारी रकम सेबी के पास जमा करा चुके हैं।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश से जुड़ीNews in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com